बच्ची के साथ अधेड़ ने किया दुष्कर्म, गंभीर

कुई बाजार(गोरखपुर)। सिकरीगंज के एक गांव में दो वर्षीय बच्ची के साथ 48 वर्षीय एक अधेड़ की ओर से दुष्कर्म का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची, रिश्ते में आरोपी की पौत्री है।
शनिवार की रात साढ़े आठ बजे पीड़ित बच्ची अपने दरवाजे पर खेल रही थी। आरोप है कि वह खेलते हुए बगल के घर में चली गई। घर के बरामदे में बैठे उसके रिश्ते के बाबा ने बच्ची को अपनी गोद में उठा लिया और कमरे में ले जाकर उसके साथ गलत हरकत शुरू कर दी। आरोप है कि अधेड़ बाबा ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर परिजन उसके घर पहुंचे। बच्ची के कपड़ों को खून से लथपत देखने पर परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, और बच्ची को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बच्ची के ठीक होने के बाद उसका मेडिकल कराया जाएगा। बच्ची के पिता और आरोपी सगे पट्टीदार हैं। दोनों का घर अगल-बगल है।
आठ वर्ष पूर्व आरोपी की पत्नी की हो चुकी है मौत
आरोपी अधेड़ की पत्नी की आठ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान है। उसके दोनों बेटे और बहू बंगलौर और मुंबई में रहते हैं। आरोपी अकेले ही घर में रहता था। बच्ची को खेलते हुए देखकर उसकी नीयत खराब हो गई।
दो साल की बच्ची के साथ 48 साल के व्यक्ति ने गलत हरकत किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का इलाज चल रहा है। आरोपी को सजा दिलाने के लिए सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगीI